बिहार पुलिस में बड़ी कार्रवाई: सहरसा में डीआईजी के औचक छापे से मचा हड़कंप, दलाल के पास मिलीं 3 थानों की केस डायरी, थानाध्यक्ष समेत 10 पुलिसकर्मी सस्पेंड
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कोशी प्रमंडल के सहरसा जिले में पुलिस महकमे के भीतर एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सहरसा के सलखुआ थाने में दलाली और केस डायरी के सौदेबाजी के खेल का पर्दाफाश करते हुए कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक ने खुद औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने एक कथित दलाल सतीश कुमार को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से तीन अलग-अलग थानों की मूल केस डायरी और लैपटॉप बरामद हुआ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सलखुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह सहित सुपौल, मधेपुरा और सहरसा जिले के कुल 10 पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए सिमरी-बख्तियारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है।
दलाल और थानाध्यक्ष के बीच बातचीत से खुला राज
पुलिस मुख्यालय, बिहार, पटना को सूचना मिली थी कि सहरसा के सलखुआ थाने में सतीश कुमार नाम का एक कथित दलाल थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक रविता कुमारी के माध्यम से थाने में पैरवी और दलाली का सिंडिकेट चला रहा है। इसके अलावा उसका भाई चंद्रकिशोर रजक मादक पदार्थों के सिंडिकेट में शामिल है। इस इनपुट के आधार पर डीआईजी डॉक्टर कुमार आशीष ने 2 जुलाई 2026 को खुद सलखुआ थाने का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और दलाल सतीश कुमार के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होने की पुष्टि हुई।
मंदिर के पास से पकड़ा गया दलाल, बैग से निकलीं केस डायरी
औचक निरीक्षण के बाद जब पुलिस टीम गोसपुर मंदिर के पास पहुंची, तो वहां नीले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जब तलाशी ली, तो उसके काले रंग के बैग से 01 लैपटॉप, 01 की-बोर्ड, 01 माउस और 01 चार्जर बरामद हुआ। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि उसके पास से पिपरा, सलखुआ और नवहट्टा थाने की मूल केस डायरी बरामद की गई।
इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए सलखुआ थाना में कांड संख्या 107/26 दर्ज कर दलाल सतीश कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये 10 पुलिस अधिकारी किए गए सस्पेंड
इस दलाली और गोपनीय दस्तावेज लीक मामले में संलिप्तता पाए जाने पर डीआईजी ने तत्काल प्रभाव से निम्नलिखित 10 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
पु०अ०नि० मुकेश कुमार सिंह (थानाध्यक्ष, सलखुआ थाना, सहरसा)
पु०अ०नि० सुवेलाल पासवान (सलखुआ थाना, सहरसा)
पु०अ०नि० पंकज कुमार (नवहट्टा थाना, सहरसा)
पु०अ०नि० जुही कुमारी (त्रिवेणीगंज थाना, सुपौल)
पु०अ०नि० शिशुपाल रविदास (राघोपुर थाना, सुपौल)
पु०अ०नि० अरमोद कुमार (भर्राही थाना, मधेपुरा)
पु०अ०नि० चन्द्रजीत प्रभाकर (मधेपुरा जिला बल)
पु०अ०नि० पिंकी कुमारी (सुपौल जिला बल)
स०अ०नि० मनीषा कुमारी (मधेपुरा जिला बल)
पु०अ०नि० ज्योतिष कुमार (थानाध्यक्ष, घैलाढ़, मधेपुरा जिला बल)
पुलिस की जनता से अपील: पहचान रखी जाएगी गुप्त
कोशी क्षेत्र के डीआईजी कार्यालय ने आम जनता से अपील की है कि यदि थाना परिसर या कार्यालय में किसी भी अनधिकृत या बाहरी व्यक्ति द्वारा दलाली या अवैध कार्य कराने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दें। सूचना मिलने पर त्वरित और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।
























