शांति चौक पर डाकबम सेवा शिविर, देर रात तक भक्ति गीतों पर झूमे शिवभक्त
दूसरी सोमवारी पर बाबा मटेश्वर धाम जाने वाले डाकबम व कांवरियों के लिए नवयुवक डाकबम सेवा समिति ने कराया सांस्कृतिक कार्यक्रम
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा मटेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए जाने वाले डाकबम और कांवरियों की सेवा के लिए रविवार रात खगड़िया और सहरसा जिले के मानसी-सिमरी बख्तियारपुर स्टेट हाईवे-95 पर जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए। इसी क्रम में सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र के सैनीटोला स्थित शांति चौक के समीप नवयुवक डाकबम सेवा समिति की ओर से सेवा शिविर के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला जदयू नेता ललन कुमार सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। इस मौके पर ललन कुमार ने कहा कि सावन में शिवभक्तों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। ऐसे आयोजन से समाज में आपसी भाईचारा बढ़ता है और धार्मिक आस्था मजबूत होती है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने भक्ति गीतों और धार्मिक प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ बाबा मटेश्वर धाम जाने वाले डाकबम और कांवरिया कार्यक्रम में शामिल हुए। शिवभक्त देर रात तक भक्ति गीतों का आनंद लेते और झूमते नजर आए।
समिति की ओर से शिवभक्तों के लिए आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई थी। समिति के सदस्यों ने बताया कि दूसरी सोमवारी को बाबा मटेश्वर धाम जाने वाले डाकबम और कांवरियों की सुविधा को देखते हुए सेवा शिविर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
रातभर शिवभक्तों की सेवा में जुटे ग्रामीण
सलखुआ प्रखंड के कोपरिया, माठा मोड़, गोरगामा, गोसपुर, सैनीटोला चौक सहित अन्य स्थानों पर भी डाकबम सेवा शिविर लगाए गए। ग्रामीण रातभर शिवभक्तों की सेवा में जुटे रहे। विभिन्न शिविरों में डाकबम और कांवरियों को पानी, शरबत समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
बता दें कि डाकबम और अन्य शिवभक्त मुंगेर के छर्रापट्टी गंगा घाट से पवित्र जल भरकर मानसी-सिमरी बख्तियारपुर मार्ग होते हुए बाबा मटेश्वर धाम पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इस दौरान एसएच-95 पर पूरी रात बोलबम के जयकारे गूंजते रहे।
























