सलखुआ को मिली बड़ी सौगात, उटेशरा में खुला सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल
उटेशरा में मॉडल स्कूल का उद्घाटन, अब गांव के बच्चों को मिलेगी आधुनिक व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
राकेश कुमार यादव, सहरसा(बिहार)
सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के उटेशरा गांव स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में रविवार को सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय (मॉडल स्कूल) के उद्घाटन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। राज्य सरकार की पहल पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सूबे के 551 मॉडल स्कूलों का वर्चुअल उद्घाटन किया। इसी कड़ी में सलखुआ प्रखंड के उटेशरा में भी मॉडल स्कूल की शुरुआत की गई।
मॉडल स्कूल का उद्घाटन विधायक संजय कुमार सिंह, वरीय उपसमाहर्ता सिमरन कुमारी, सीपीआई नेता ओमप्रकाश नारायण, प्रखंड प्रमुख सरिता संगम, बीडीओ सह वीईओ बीरेंद्र कुमार समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित, फीता काटकर एवं शिलापट्ट का लोकार्पण कर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मॉडल स्कूल के शुरू होने से अब ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा के लिए शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। विद्यालय में कक्षा नवम् से बारहवीं तक की पढ़ाई होगी। यहां छात्रों को स्मार्ट क्लास, विज्ञान एवं कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, खेलकूद की सुविधाएं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्य अतिथियों को माला एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी अतिथियों को पौधे भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम में मध्य विद्यालय उटेशरा के प्राचार्य रंजीत कुमार, मॉडल स्कूल की प्राचार्या इंदु कुमारी, शिक्षक राहुल कुमार दुलारे, त्रिपुरारी कुमार राय, कुमारी किरण, गणेश गुप्ता, सज्जन कुमार साजन, राजेश कुमार भारती, अशोक कुमार सिंह, राजीव रंजन, विनय यादव, अमर कुमार पप्पू, संजीव रंजन यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
























