बदायूँ।सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त होगी कांवड़ यात्रा, 6 जोन और 16 सेक्टर में बंटा बदायूं

सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त होगी कांवड़ यात्रा, 6 जोन और 16 सेक्टर में बंटा बदायूं

प्रभारी मंत्री बोले- कांवड़ यात्रा बने उत्सव, केंद्रीय राज्यमंत्री ने दिए पर्यावरण संरक्षण के निर्देश

बदायूं। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने निर्देश दिए कि इस बार कांवड़ यात्रा को सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त बनाया जाए। वहीं जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में वन एवं जन्तु विज्ञान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि कांवड़ यात्रा का आयोजन उत्सव के रूप में किया जाए और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रभारी मंत्री ने लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को कांवड़ मार्ग के सभी गड्ढे समय से भरने, नगर निकायों को खुले नालों को ढकने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा बिजली विभाग को ढीले तार ठीक करने और ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को कांवड़ मार्ग पर चिकित्सा शिविरों में पर्याप्त दवाइयों और चिकित्सकीय सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि पुलिस का व्यवहार कांवड़ियों के प्रति सौहार्दपूर्ण रहे और कानून व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रखी जाए।

बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने प्रत्येक शिविर पर मोबाइल शौचालय, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का सुझाव दिया।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट, चौड़ाई 10 फीट तथा ध्वनि स्तर 75 डेसीबल तक ही अनुमन्य रहेगा। पूरे जनपद को 6 जोन और 16 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी तथा सेक्टरों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।

उन्होंने बताया कि कछला गंगा घाट एवं कांवड़ मार्ग पर 422 सीसीटीवी कैमरे और 7 वॉच टावर लगाए जाएंगे। यात्रा मार्ग पर बैरिकेडिंग, गोताखोर, नाव, मोबाइल शौचालय, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। जनपद में 32 कांवड़ शिविर स्थापित किए जाएंगे तथा कुल 132 शिवालयों, जिनमें 68 जलाभिषेक मंदिर शामिल हैं, पर विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी।

डीएम ने बताया कि कांवड़ यात्रा की कुल लंबाई 331 किलोमीटर होगी और यात्रा मार्ग पर मांस की सभी दुकानें बंद रहेंगी। यात्रा की निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) तथा पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार शाम 5 बजे तक रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा। इस वर्ष यात्रा के दौरान 3, 10, 17 और 24 अगस्त को सावन के सोमवार तथा 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा।

बैठक में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, एमएलसी वागीश पाठक, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष जेके सक्सेना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *