बदायूँ।उसावा में भव्य शोभा यात्रा के साथ हुई काली माता की मूर्ति स्थापना

उसावा में भव्य शोभा यात्रा के साथ हुई काली माता की मूर्ति स्थापना

उसावा (बदायूं)। नगर पंचायत उसावा में रविवार को काली माता की मूर्ति स्थापना के उपलक्ष्य में दुर्गा माता मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

शोभा यात्रा दुर्गा माता मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों एवं विभिन्न देवस्थानों से होती हुई थाने के सामने स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच काली माता की प्रतिमा की स्थापना की गई। इसके बाद शोभा यात्रा पुनः दुर्गा माता मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, माताओं, बहनों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ शोभा यात्रा का स्वागत किया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजकों में ऋतिक गुप्ता, कमेटी अध्यक्ष वीर बहादुर सक्सेना सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *