बदायूँ।अग्निवीर भर्ती में असफलता के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान

अग्निवीर भर्ती में असफलता के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान

उसावां क्षेत्र के मिलकिया गांव की घटना, 20 वर्षीय सौरभ सिंह का खेत में पेड़ से लटका मिला शव

उसावां (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम मिलकिया में शनिवार देर रात एक 20 वर्षीय युवक ने खेत में पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों के अनुसार युवक अग्निवीर भर्ती में असफल होने के बाद मानसिक तनाव में चल रहा था।

मिलकिया निवासी सौरभ सिंह (20) पुत्र राकेश सिंह अग्निवीर भर्ती में चयन न होने के बाद काफी समय से परेशान रहता था। परिजनों ने उसे समझाने और उसका मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह तनाव से बाहर नहीं निकल सका।

बताया गया कि शनिवार रात करीब 12 बजे सौरभ घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। देर रात वह चुपचाप उठकर खेतों की ओर चला गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान खेत में एक पेड़ से उसका शव फंदे पर लटका मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों की मदद से शव को नीचे उतारा गया। बाद में परिजनों ने अटेना गंगा घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

सौरभ अपने परिवार में दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई पढ़ाई कर रहा है, जबकि पिता राकेश सिंह खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.

यदि आप या आपका कोई परिचित लगातार निराशा, तनाव या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो किसी विश्वसनीय परिजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करें। समय पर सहायता मिलना जीवन बचा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *