जौनपुर।जफराबाद में मासूम बच्ची हत्याकांड मामले में पीड़ित परिवार से मिलीं सांसद प्रिया सरोज, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कड़ी कार्रवाई की मांग

जफराबाद में मासूम बच्ची हत्याकांड मामले में पीड़ित परिवार से मिलीं सांसद प्रिया सरोज, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कड़ी कार्रवाई की मांग

जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या से शोकाकुल परिवार से सांसद प्रिया सरोज ने मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए भरोसा दिलाया कि न्याय दिलाने की लड़ाई में वह हर स्तर पर उनके साथ खड़ी हैं।

सांसद ने प्रशासन से मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। साथ ही आरोपियों के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम सहित सभी संबंधित धाराओं में कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, जिससे दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिल सके।

उन्होंने कहा कि इस जघन्य घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. अवधनाथ पाल, राहुल त्रिपाठी, डॉ. सरफराज खान सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने तथा दोषियों को कठोरतम दंड दिए जाने की मांग की।

अंत में उपस्थित लोगों ने दिवंगत मासूम बच्ची को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उसकी आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *