हत्या मामले में दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद
बदायूँ। थाना जरीफनगर पुलिस ने 26 जून को हुए चर्चित हत्या कांड में दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड (आलाकत्ल) भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को थाना जरीफनगर क्षेत्र स्थित राव फार्म हाउस में आयोजित शंकराचार्य के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ग्राम अल्लीपुर टप्पा हवेली निवासी भूरे सिंह अपने साथी राकेश के साथ लौट रहे थे। दांदरा–करियावेन संपर्क मार्ग पर दोनों पर हमला हुआ, जिसमें भूरे सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सीएचसी सहसवान ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल राकेश को मेडिकल कॉलेज बदायूँ रेफर किया गया।
मृतक के पुत्र राजाबाबू की तहरीर पर थाना जरीफनगर में पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई थीं। मामले के मुख्य आरोपी कप्तान सिंह को पुलिस पहले ही 30 जून को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
इसी क्रम में शुक्रवार को थाना जरीफनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर दूसरे आरोपी कुमरपाल पुत्र केहर सिंह उर्फ केहरी, निवासी ग्राम अल्लीपुर टप्पा हवेली, थाना सहसवान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
बरामदगी
हत्या में प्रयुक्त एक लोहे की रॉड (आलाकत्ल)
गिरफ्तारी करने वाली टीम थानाध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक सुभाषचन्द्र यादव, आरक्षी रोबिन शर्मा, आरक्षी हरीश कुमार एवं आरक्षी सुरजीत सिंह शामिल रहे।
























