Sunday, February 15

सहरसा (बिहार)।पुलिस–पब्लिक समन्वय से ही मजबूत होगी कानून-व्यवस्था : एसपी हिमांशु

पुलिस–पब्लिक समन्वय से ही मजबूत होगी कानून-व्यवस्था : एसपी हिमांशु

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)

सहरसा जिले के सलखुआ थाना परिसर में शनिवार को पुलिस–पब्लिक के बीच जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने पंचायतवार आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के आपसी समन्वय से ही कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।

एसपी ने लोगों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए थाना व संबंधित अधिकारियों को कई अहम और सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सलखुआ थाना में दर्ज होने वाली प्रत्येक एफआईआर की जांच डीएसपी स्तर से कराई जाएगी तथा मामला सही पाए जाने पर 15 दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं गलत तरीके से केस दर्ज कराने वालों पर भी जांच के बाद कार्रवाई होगी।

पोक्सो जैसे गंभीर मामलों को लेकर एसपी ने दो टूक कहा कि ऐसे मामलों को पंचायत या सामाजिक दबाव में दबाना अपराध है। पोक्सो से जुड़ी किसी भी घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देना अनिवार्य है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संगीन अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं।

जनसंवाद के दौरान पूर्व मुखिया सह बीआईपी नेता मिथलेश विजय ने क्षेत्र में कोरेक्स की बिक्री व सेवन तथा बाजार में गश्ती को लेकर सवाल उठाए और थाना अध्यक्ष की कार्यशैली पर विरोध दर्ज कराया। इस पर एसपी ने नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए थाना को पूरी तरह मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। वहीं नेता अमर यादव ने गौरियारी क्षेत्र में सूखा नशा और लहरियाकट बाइकर्स की समस्या उठाई, जिस पर एसपी ने गश्ती बढ़ाने के आदेश दिए।

एसपी ने कहा कि जिन मुख्य मार्गों पर लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, वहां विशेष रूप से गश्ती बढ़ाई जाएगी। नशा और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बॉडी वॉर्न कैमरा और सीसीटीवी कैमरे लगाने की दिशा में पहल की जाएगी, ताकि चालान प्रक्रिया पारदर्शी हो और तेज रफ्तार व लहरियाकट बाइकर्स पर अंकुश लगाया जा सके। थानाध्यक्ष को संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

पूर्व सरपंच लक्षेन्द्र सिंह ने बहुअरवा से पचखुटिया मार्ग पर गश्ती नहीं होने की बात रखी, जिस पर एसपी ने हर क्षेत्र में नियमित गश्ती सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। नशा मुक्त पंचायत की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों में पुलिस की भागीदारी जरूरी है।

जनसंवाद के दौरान एसपी ने कहा कि “पुलिस इज पब्लिक और पब्लिक इज पुलिस।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही अपराध मुक्त समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के बाद एसपी ने नव निर्माणाधीन महिला बैरक का निरीक्षण किया और लोगों की मांग पर सलखुआ थाना के लिए जल्द नए भवन निर्माण की बात कही।

जनसंवाद कार्यक्रम से क्षेत्र में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। लोगों ने उम्मीद जताई कि दिए गए ठोस निर्देशों के बाद सलखुआ क्षेत्र में नशा, अपराध और लंबित मामलों पर प्रभावी नियंत्रण देखने को मिलेगा।

इस मौके पर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, पुलिस इंसपेक्टर मोहम्मद शूजाउद्दीन, थानाध्यक्ष संजना कुमारी, एसआई दीपक कुमार राम, कृष्णा यादव समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *