भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का हार्ट अटैक से निधन, सीएम योगी सहित कई नेताओं ने जताया शोक
बरेली।उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की फरीदपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को अचानक निधन हो गया। उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई। वे बरेली के सर्किट हाउस में आयोजित एक बैठक में शामिल होने पहुंचे थे, तभी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक चल रही थी। दोपहर करीब 2:15 बजे डॉ. श्याम बिहारी लाल को अचानक सीने में दर्द हुआ और वे बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि जब डॉ. श्याम बिहारी लाल को लाया गया, तब उनका ब्लड प्रेशर और पल्स नहीं चल रही थी। डॉक्टरों ने करीब एक घंटे तक CPR दिया और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद करीब 3 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एक दिन पहले मनाया था जन्मदिन
डॉ. श्याम बिहारी लाल ने एक दिन पहले ही अपना 60वां जन्मदिन मनाया था। उनके अचानक निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया गहरा दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक संदेश जारी करते हुए लिखा कि
प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिवार को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
प्रधानमंत्री मोदी और अन्य नेताओं की संवेदनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी डॉ. श्याम बिहारी लाल के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वे जनसेवा के लिए समर्पित और कर्मठ नेता थे। उनके जाने से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है।
इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा सांसद अरुण गोविल समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
शैक्षणिक और राजनीतिक जीवन
डॉ. श्याम बिहारी लाल का जन्म 1 जनवरी 1966 को हुआ था
उन्होंने एमजेपी रोहिलखंड विश्वविद्यालय से इतिहास में पीएचडी की थी
वे उसी विश्वविद्यालय में इतिहास के प्रोफेसर भी रह चुके थे
वर्ष 2017 में पहली बार विधायक बने
फरीदपुर सीट से दो बार चुनाव जीत चुके थे
परिवार
डॉ. श्याम बिहारी लाल अपने पीछे पत्नी मंजू लता, एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं।
























