Sunday, February 15

बरेली।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल को दी श्रद्धांजलि

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बरेली पहुंचे, जहां उन्होंने फरीदपुर विधानसभा से दिवंगत भाजपा विधायक स्वर्गीय डॉ. श्याम बिहारी लाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके आवास पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. श्याम बिहारी लाल की पत्नी, बेटे और दोनों बेटियों से मुलाकात कर गहरा दुख व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ. श्याम बिहारी लाल पार्टी के प्रति समर्पित, निष्ठावान और कर्मठ नेता थे। उनकी कमी भाजपा परिवार को हमेशा खलती रहेगी। उन्होंने कहा कि पूरा भाजपा परिवार दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों के साथ खड़ा है।

उल्लेखनीय है कि फरीदपुर से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल की शुक्रवार को बरेली के सर्किट हाउस में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ बैठक के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हार्ट अटैक से उनकी मृत्यु की पुष्टि की। वे लगातार दूसरी बार फरीदपुर विधानसभा से भाजपा के विधायक चुने गए थे और इतिहास के प्रोफेसर रह चुके थे। राजनीति में आने से पहले वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से भी जुड़े रहे।

उनके निधन की खबर मिलते ही जिले के सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी उनके आवास पर पहुंच गए। सभी ने उन्हें एक विकास पुरुष और जमीनी नेता बताते हुए अपने-अपने संस्मरण साझा किए।

डॉ. श्याम बिहारी लाल को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक और क्षेत्रवासी बरेली पहुंच रहे हैं। लोग नम आंखों से अपने लोकप्रिय विधायक को याद कर रहे हैं। एक दिन पहले ही उन्होंने 1 जनवरी को अपने जन्मदिन का आयोजन कार्यकर्ताओं और परिजनों के साथ किया था। उनके असामयिक निधन से फरीदपुर सहित पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। इस मौके पर महेश चंद्र गुप्ता विधायक बदायूं , बलदेव सिंह औलख मंत्री रामपुर ,विधायक डीसी वर्मा , विधायक संजीव अग्रवाल , विधायक एमपी आर्य ,मेयर उमेश गौतम ,नगर पालिका अध्यक्ष रश्मि पटेल , विधायक राघवेंद्र , विधायक संजीव अग्रवाल, वन पर्यावरण मंत्री डॉक्टर अरुण कुमार , सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार , डॉक्टर विमल भारद्वाज, डॉक्टर विनोद पागरानी, पूर्व मंत्री राजेश अग्रवाल और भी तमाम विधायक , पूर्व विधायक पार्टी के कार्यकर्ता प्रशासन की उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *