आधी रात अस्पताल पहुंचे बीजेपी नेता रितेश रंजन, ड्यूटी डॉक्टर नदारद
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल, मौके पर अधिकारियों को दी सूचना
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में शनिवार की देर रात भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लिया। भीषण ठंड के बीच रात करीब 12 बजे रितेश रंजन अस्पताल परिसर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान वे सीधे ड्यूटी डॉक्टर के चैम्बर में पहुंचे, लेकिन वहां कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं मिला।
इस पर उन्होंने मौके पर मौजूद नर्स से तत्काल ड्यूटी डॉक्टर को बुलाने का निर्देश दिया। कुछ ही देर बाद हड़बड़ी की स्थिति में डॉक्टर दौड़ते हुए चैम्बर पहुंचे। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जिस डॉक्टर की आधिकारिक रूप से ड्यूटी तय थी, उसकी जगह आपसी सामंजस्य से कोई अन्य डॉक्टर ड्यूटी निभा रहा था।
इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए रितेश रंजन ने मौके से ही स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधी रात को अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी डॉक्टर का न मिलना बेहद चिंताजनक है। सरकारी अस्पताल में भर्ती मरीजों को भगवान भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। ड्यूटी में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वरीय अधिकारियों को सूचित कर दिया गयाऊ है ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।
वार्डों का निरीक्षण, मरीजों से की बातचीत…
निरीक्षण के क्रम में रितेश रंजन अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचे। उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर इलाज, दवा और ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। ठंड से कांप रहे मरीजों और उनके परिजनों को देखकर उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल राहत की पहल की। और मरीज व अभिभावकों के बीच कंबल वितरण किया गया।
रेलवे स्टेशन पर बांटा कंबल….
इसके बाद रितेश रंजन रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां ठंड से बेहाल जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया। उन्होंने कहा कि इस भीषण ठंड में किसी भी गरीब और बेसहारा को परेशानी न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा रहा और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
























