जदयू सदस्यता अभियान का शुभारंभ, 50 से अधिक लोगों ने थामा पार्टी का दामन।
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में रविवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सदस्यता अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान का नेतृत्व जदयू के पूर्व विधायक डॉ. अरुण कुमार ने किया। नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत डकबंगला चौक स्थित जदयू नेता सुधीर सिंह के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में 50 से अधिक लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर पूर्व विधायक डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय को नई दिशा मिली है। सरकार की नीतियों और योजनाओं से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है, जिससे लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
जदयू जिलाध्यक्ष चंद्रदेव मुखिया ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं गांव-गांव तक पहुंच रही हैं। इसी का परिणाम है कि बड़ी संख्या में लोग जदयू से जुड़ रहे हैं और पार्टी का जनाधार मजबूत हो रहा है।
वहीं जदयू नेता ललन कुमार ने नव-नियुक्त सदस्यों से पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से विकास और सुशासन की यह यात्रा और मजबूत होगी।
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख शबनम कुमारी, उपेंद्र सिंह कुशवाहा, जनार्दन यादव, नरेश पासवान, मुरारी सिंह सहित कई जदयू कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
























