अटल स्मृति सम्मेलन में अटलजी के विचारों और योगदान को किया गया नमन
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के सनबीम स्कूल, कुल्लहनामऊ में किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में काशी क्षेत्र के महामंत्री एवं जौनपुर जिला प्रभारी अशोक चौरसिया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पं. अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि अटलजी अपने नाम के अनुरूप अटल व्यक्तित्व के धनी थे। वे एक प्रखर राजनीतिज्ञ, नि:स्वार्थ सामाजिक कार्यकर्ता, सशक्त वक्ता, कवि, साहित्यकार, पत्रकार और बहुआयामी व्यक्तित्व वाले नेता थे। वे जनता की बातों को गंभीरता से सुनते थे और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने का हरसंभव प्रयास करते थे। चार दशकों तक सक्रिय राजनीति में रहते हुए वे लोकसभा में नौ बार और राज्यसभा में दो बार निर्वाचित हुए, जो अपने आप में एक कीर्तिमान है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री, विपक्ष के नेता और संसद की विभिन्न स्थायी समितियों के अध्यक्ष के रूप में अटल बिहारी वाजपेयी ने स्वतंत्र भारत की घरेलू और विदेश नीति को नई दिशा दी। वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेकर वे राष्ट्रवादी राजनीति से जुड़े।
विशिष्ट अतिथि अशोक चौरसिया ने कहा कि अटलजी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पत्रकार के रूप में की थी। 1951 में भारतीय जनसंघ से जुड़ने के बाद उन्होंने पत्रकारिता छोड़ दी। उनकी कविताएं आज भी लोगों को प्रेरित करती हैं।
जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारत को एक दूरदर्शी, विकसित, मजबूत और समृद्ध राष्ट्र के रूप में देखना चाहते थे। वे सामाजिक समानता और महिला सशक्तिकरण के प्रबल समर्थक थे।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, हरेंद्र प्रसाद सिंह और पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने भी अटलजी के जीवन, उनके आदर्शों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सुधाकर उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
























