एमपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़, कुसमी विजयी
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)। जिले के सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत अनुमंडल मैदान, मधुबन में रविवार को एमपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबला सहरसा और कुसमी की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें कुसमी की टीम ने रोमांचक जीत दर्ज की।
मैच की शुरुआत सुबह टॉस के साथ हुई, जिसमें कुसमी की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सहरसा की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 165 रन बनाकर मजबूत स्कोर खड़ा किया और कुसमी के सामने 166 रनों का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुसमी की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। शुरुआती झटकों के बावजूद टीम ने संयम और आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच के हीरो फैयाज़ रहे, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और टीम को जीत दिलाई।
मैच के दौरान मैदान पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। रोमांचक मुकाबले को देखकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा गया। आयोजन समिति की ओर से टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए बेहतर इंतजाम किए गए थे।एमपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
























