प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज की छत ढही, सलखुआ के 3 मजदूरों की मौत
दर्जनों घायल; सहरसा के गांवों में पसरा मातम, शव लाने व मुआवजे की मांग
राकेश कुमार यादव, सहरसा(बिहार)
रोजी-रोटी की तलाश में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज गए सहरसा जिले के मजदूरों के साथ बड़ा हादसा हो गया। फाफामऊ थाना क्षेत्र स्थित ‘आदर्श कोल्ड स्टोरेज’ की छत अचानक ढहने से मलबे में दबकर कई मजदूरों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
काम के दौरान अचानक गिरी छत, मची अफरातफरी
जानकारी के मुताबिक कोल्ड स्टोरेज में उस समय सैकड़ों मजदूर काम कर रहे थे। अचानक भारी-भरकम छत भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने पहुंचकर तुरंत राहत व बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में दबे मजदूरों को निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि वहां काम करने वाले मजदूरों में बड़ी संख्या सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के विभिन्न गांवों की थी।
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार मृतकों में शामिल हैं:
बिलट चौधरी (35 वर्ष), पिता- विद्यानंद चौधरी, निवासी- पिपरा, सलखुआ
मसिंद्र सदा (25 वर्ष), पिता- सक्को सादा, निवासी- बलियार, सलखुआ
ज्योतिष कुमार (21 वर्ष), पिता- नुनुलाल सादा, निवासी- बलियार, सलखुआ
कई मजदूर घायल
घायलों में पप्पू यादव, शिंकू यादव, अंकित कुमार, शिबू यादव, साहुल चौधरी, अमित चौधरी और आशू चौधरी शामिल हैं। सभी सलखुआ प्रखंड के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
गांवों में मातम, नहीं जले चूल्हे
हादसे की खबर जैसे ही सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के पिपरा, खरहुरिया और बलियार गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। जिन मजदूरों की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है, उनके परिवार के लोग लगातार फोन के जरिए अपनों की खबर लेने में जुटे हैं।
प्रशासन से शव लाने व मुआवजे की मांग
घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाजसेवी पीड़ित परिवारों से मिलकर सांत्वना दे रहे हैं। खगड़िया सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने सहरसा जिला प्रशासन और बिहार सरकार से मांग की है कि उत्तर प्रदेश सरकार और प्रयागराज प्रशासन से समन्वय कर घायलों का बेहतर इलाज कराया जाए। साथ ही मृतकों के शव जल्द उनके पैतृक गांव पहुंचाने और आश्रित परिवारों को उचित सरकारी मुआवजा देने की व्यवस्था की जाए।मंगलवार को सहरसा जिले के सलखुआ अंचल के सीओ पुष्पांजलि कुमारी, सीपीआई नेता ओमप्रकाश नारायण ने मृतक व घायल के परिजनों से मिल कर जांच पड़ताल की।
























