बदायूँ।25 मार्च को दास डिग्री कॉलेज में होगा वृहद रोजगार मेले का आयोजन

25 मार्च को दास डिग्री कॉलेज में होगा वृहद रोजगार मेले का आयोजन

बदायूँ । जिला मजिस्ट्रेट अवनीश राय ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अन्तर्गत जनपद में बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु 25 मार्च 2026 को प्रातः 09ः00 बजे नेहरू मेमोरियल शिवनारायण दास पीजी कॉलेज, बदायूं परिसर में एक विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिला सेवायोजन कार्यालय एवं संबंधित संस्थाओं के सहयोग से आयोजित किए जा रहे मेले में निजी क्षेत्र की 15 से 20 प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिभाग करने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। आयोजन में लगभग 500 से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है, जिससे युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, अग्निशमन सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वह अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में प्रतिभाग कर इस अवसर का लाभ उठाएं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर रोजगार मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *