सहरसा (बिहार)।पंचायत में समझौता कराने पहुंचे व्यक्ति पर जानलेवा हमला, गोलीबारी का आरोप

पंचायत में समझौता कराने पहुंचे व्यक्ति पर जानलेवा हमला, गोलीबारी का आरोप

सदर अस्पताल रेफर, एससी-एसटी थाना में आवेदन देकर नामजदों पर कार्रवाई की मांग

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार) 

सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र के ओरैली चौक पर दो पक्षों में पुराने विवाद को लेकर पंचायत आयोजित कर समझौता कराने पहुंचे एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से जख्मी करने का मामला सामने आया है। घायल को परिजनों ने तत्काल सलखुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया।

घायल की पहचान सलखुआ थाना के ओरैली मुशहरी वार्ड 9 निवासी अर्जुन सादा (पिता- स्व. प्रसादी सादा) के रूप में हुई है। पीड़ित ने सलखुआ थाना सहित एससी-एसटी थाना, सहरसा में लिखित आवेदन देकर नामजद लोगों पर हरवे-हथियार से लैस होकर मारपीट, जातिसूचक गाली देने और फायरिंग करने का आरोप लगाया है।

घात लगाकर किया हमला, कट्टा सटाकर पीटा…....

आवेदन में अर्जुन सादा ने बताया कि सोमवार सुबह वह ओरैली चौक पर पंचायत में दो पक्षों के बीच समझौता कराने पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के ही कारी सिंह, चानो सिंह, ब्रह्मदेव सिंह, छैला सिंह, धर्मवीर सिंह, विकास सिंह, रवी सिंह और नितिश सिंह पहले से घात लगाए हुए थे।

आरोप है कि ब्रह्मदेव सिंह के उकसाने पर चानो सिंह और कारी सिंह ने कमर से देशी कट्टा निकालकर उन्हें सटाया और अन्य आरोपितों के साथ घेरकर लोहे की रॉड व लाठी से हमला कर दिया। हमले में अर्जुन सादा के माथे पर गहरा जख्म आया है। साथ ही कट्टा के वट से सिर पर वार करने का भी आरोप लगाया गया है।

सोने की चकती छीनने का आरोप…...

पीड़ित ने आवेदन में कहा है कि मारपीट के दौरान उनके गले से करीब चार आना भर वजन की सोने की चकती, जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपए बताई जा रही है, छीन ली। हमलावरों द्वारा दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस जांच में जुटी….. 

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है। डीएसपी मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच-पड़ताल में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *