सहरसा (बिहार)।घर की नींव डालने को लेकर दो पक्ष भिड़े, जमकर ईंट-पत्थर चले

घर की नींव डालने को लेकर दो पक्ष भिड़े, जमकर ईंट-पत्थर चले

गोलीबारी की चर्चा से गांव में दहशत, एसडीएम-डीएसपी ने किया स्थल निरीक्षण

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार) 

सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र के सितुआहा गांव में घर की नींव डालने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चलने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद के दौरान गोलीबारी भी हुई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। मौके पर एसडीएम आलोक राय, डीएसपी मुकेश कुमार ठाकुर, सर्किल इंस्पेक्टर मो. सुजाउद्दीन सहित थाना पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है।

डीएसपी मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि अब तक किसी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में घर की नींव डालने को लेकर ईंट-पत्थर चलने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि स्थल निरीक्षण कर लिया गया है और फिलहाल स्थिति सामान्य है। आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *