Sunday, February 15

बिहार।सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर में सरस्वती पूजा में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, दिन के उजाले में ही करना होगा मूर्ति विसर्जन

सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर में सरस्वती पूजा में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, दिन के उजाले में ही करना होगा मूर्ति विसर्जन

शांति समिति की बैठक में एसपी ने दिए सख्त निर्देश, अश्लील गाने बजाने वालों पर होगी कार्रवाई

सभी पूजा कमेटियों को लाइसेंस लेना अनिवार्य, रूट चार्ट का करना होगा पालन।

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार) 

आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को सहरसा जिले के बख्तियारपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने की। इस दौरान अनुमंडल के वरीय अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और डीजे संचालक मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए एसपी हिमांशु ने कहा कि सरस्वती पूजा सामाजिक समरसता का पर्व है, इसे आपसी भाईचारे के साथ मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पूजा कमेटियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में होने वाली सभी पूजा के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है।

दिन में ही संपन्न कराएं विसर्जन

एसपी ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिया कि 25 जनवरी (रविवार) को मूर्ति विसर्जन का कार्य हर हाल में दिन के उजाले में संपन्न कर लिया जाए। सूर्यास्त के बाद विसर्जन की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट चार्ट का अक्षरशः पालन करना होगा।

डीजे पर पूर्णतः रोक, केवल भक्ति गीत बजेंगे..

बैठक में सबसे अहम मुद्दा ध्वनि प्रदूषण और अश्लीलता का रहा। एसपी ने हिदायत दी कि पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। पूजा पंडालों और विसर्जन जुलूस में केवल भक्ति गीत ही बजाए जा सकेंगे। यदि किसी भी पंडाल या जुलूस में अश्लील गाने बजते पाए गए, तो संबंधित कमेटी और डीजे संचालक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उन पर नकेल कसी जाएगी।

ये रहे मौजूद..

इस मौके पर एसडीएम आलोक राय, एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, मुख्यालय डीएसपी धीरेंद्र पांडे, अंचलाधिकारी शुभम वर्मा, पुलिस इंस्पेक्टर मो. शूजाउद्दीन, थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार, नप सभापति प्रतिनिधि मो. हस्सान आलम, उपसभापति प्रतिनिधि विकास कुमार विक्की, प्रसुन सिंह, राजकुमार चौधरी, दुर्गेश कुमार, डिंपल कुमार, पुनपुन यादव, विवेकानंद सिंह, मिस्टर खान, अवधेश कुमार, बाबू साहब , चंदन यादव सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *