
सरोजा नवटोलिया साधु स्थान में मासिक शिव गुरु परिचर्चा का आयोजन
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड क्षेत्र के सरोजा पंचायत के नवटोलिया स्थित साधु स्थान में रविवार को मासिक शिव गुरु परिचर्चा का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिव के शिष्य एवं शिष्याओं की उपस्थिति रही। परिचर्चा के दौरान वक्ताओं ने भगवान शिव की शिष्यता से प्रवाहित आध्यात्मिक धारा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
परिचर्चा को संबोधित करते हुए शिव शिष्य भाई परमेश्वर ने कहा कि भगवान शिव को गुरु मानने के पश्चात शिष्य भाव अर्पित करना आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि साहब श्री हरिन्द्रानन्द जी ने भगवान शिव की शिष्यता को संपूर्ण भारतवर्ष में एक परिणामदायी गुरु परंपरा के रूप में स्थापित किया है। शिव गुरु के चरणों में मन लगाए रखने से ज्ञान स्वतः अंतःआत्मा में प्रकट हो जाता है और प्राणी भवबंधन से मुक्त हो जाता है।
उन्होंने बताया कि साहब श्री हरिन्द्रानन्द जी ने शिव को गुरु मानकर जनमानस के बीच तीन सूत्रों के माध्यम से शिव गुरु सत्ता से अवगत कराया, जिससे आध्यात्मिक यात्रा सरल और सुलभ बनी। उन्होंने कहा कि भगवान शिव को जगत गुरु और आदि गुरु कहा गया है, किंतु इस सत्य से सामान्य जनमानस अनभिज्ञ रहा है। ऋषि-मुनियों और साधकों ने शिव को शिष्य भाव अर्पित कर देवत्व की प्राप्ति की, जिसका उदाहरण संत शिरोमणि बाबा कारु एवं संत शिरोमणि लक्ष्मीनाथ गोसाईं हैं, जिनका जीवन आज भी मार्गदर्शक बना हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि शिव से प्राप्त अनुभूतियों के आधार पर साहब श्री हरिन्द्रानन्द जी ने जनमानस का आह्वान किया कि भगवान शिव ही सच्चे गुरु हैं और उनकी शिष्यता से लौकिक एवं पारलौकिक दोनों प्रकार की सिद्धि स्वतः प्राप्त होती है। शिव शिष्यता की यह सुगंध आज पूरे भारतवर्ष में लोगों को शिव अनुष्ठान के लिए प्रेरित कर रही है।
शिव शिष्य हरिन्द्रानन्द फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को गुरु भाई डोमी राम, विनोद झा, अनिल ठाकुर, ओम प्रकाश लाल, विनय कुमार लाल, बहन किरण, शिव शंकर साह, सुशील, अनिल यादव, शिव कुमार चौधरी, भिखारी यादव, विलास, दिलखुश, बहन अमरिका, किरण, आरती एवं बीणा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि वर्तमान कालखंड में भगवान शिव और उनकी शिष्यता आध्यात्मिक यात्रा में अत्यंत फलदायी सिद्ध हो रही है।
इधर सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन परिसर में शिवशिष्य के द्वारा गरीबों के बीच कंबल का वितरण किया है। सैकड़ों गरीबों को इस भीषण ठंड में कंबल दिया गया।
























