कादरचौक बवाल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 उपद्रवी गिरफ्तार
पुलिस पर हमले, सड़क जाम और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप; सरिया, पाइप, पेट्रोल की बोतल व डंडा बरामद
बदायूं। थाना जरीफनगर क्षेत्र के ग्राम कादरचौक में हुई मारपीट के बाद भड़की हिंसा और पुलिस पर हमले के मामले में जरीफनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लोहे के सरिए, एक लोहे का पाइप, एक प्लास्टिक की पेट्रोल की बोतल तथा एक डंडा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 12/13 जुलाई की रात ग्राम कादरचौक में रास्ते में वाहन खड़ा करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया। घटना में घायल हरिओम की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इस मामले में पहले ही छह नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक 14 जुलाई को पोस्टमार्टम के बाद कुछ बाहरी तत्वों ने लोगों को उकसाकर मृतक के शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर नाधा चौकी के सामने सहसवान-नाधा मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। लगभग पांच घंटे तक चले जाम के दौरान पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोप है कि उपद्रवियों ने पुलिस पर लोहे के सरियों, पाइप और डंडों से हमला कर दिया तथा ईंट-पत्थर भी फेंके।
घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। उपद्रवियों ने पुलिस की सरकारी मोबाइल वाहन का शीशा तोड़ दिया और नाधा चौकी में तोड़फोड़ कर सरकारी फर्नीचर व अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस का कहना है कि पेट्रोल डालकर आग लगाने और पुलिसकर्मियों को जलाने का प्रयास भी किया गया, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। इसी दौरान एक व्यक्ति द्वारा आत्मदाह का प्रयास भी किया गया, जिसे पुलिस ने रोककर उसकी जान बचाई।
पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले में मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
मोनू सिंह (जनपद मुरादाबाद)
आकाश उर्फ राकेश (जनपद सम्भल)
विकास (जनपद मुरादाबाद)
सचिन (जनपद बदायूं)
अमित (जनपद सम्भल)
बरामदगी
2 लोहे के सरिए
1 लोहे का पाइप
1 प्लास्टिक की पेट्रोल की बोतल
1 डंडा
पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम एवं क्रिमिनल लॉ एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
























