विकास कार्यों में बदायूँ को मिली 33वीं रैंक, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश
निर्माण कार्य समय पर पूरे करने, सड़कों की मरम्मत व बजट प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश • मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले 83 कार्यक्रमों की हुई समीक्षा
बदायूँ।मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) गामिनी सिंगला ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक एवं कम लागत वाले भवन एवं सड़क निर्माण कार्यों तथा मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी अधूरे निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में समीक्षा के दौरान बताया गया कि जून 2026 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में बदायूँ जनपद को विकास कार्यों में 33वीं, राजस्व कार्यों में 15वीं तथा संयुक्त प्रदर्शन में 19वीं रैंक प्राप्त हुई है। इस पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज, राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल जरीफनगर, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों सहित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का बिंदुवार परीक्षण किया गया। सीडीओ ने कहा कि जिन परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त बजट की आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव समय रहते शासन को भेजे जाएं, ताकि निर्माण कार्यों में कोई बाधा न आए।
बैठक में सड़कों की मरम्मत का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि बदायूँ-ककराला तथा उझानी-ककोड़ा मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई वन विभाग द्वारा कराई जानी है, जिसके लिए बजट उपलब्ध है। इस पर सीडीओ ने संबंधित स्थलों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सड़क किनारे मिट्टी भराई का कार्य मनरेगा के माध्यम से कराने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिस पर सीडीओ ने आवश्यक सूची उपलब्ध कराने को कहा। अधिशासी अभियंता ने यह भी जानकारी दी कि बदायूँ-दातागंज मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले 83 कार्यक्रमों की समीक्षा में बताया गया कि जून 2026 में जनपद को 54 कार्यक्रमों में ‘ए’ श्रेणी, 6 में ‘बी’ श्रेणी, 1 में ‘सी’ श्रेणी तथा 2 में ‘डी’ श्रेणी प्राप्त हुई है, जबकि 20 कार्यक्रम ऐसे हैं जिनमें श्रेणी निर्धारित नहीं की जाती।
‘बी’ श्रेणी प्राप्त करने वाले प्रमुख कार्यक्रमों में जननी सुरक्षा योजना, 15वें वित्त आयोग ग्राम पंचायत, पंचम वित्त आयोग ग्राम पंचायत, सेतु निर्माण, नई सड़क निर्माण तथा सीएमआईएस निर्माण कार्य शामिल रहे। फैमिली आईडी योजना को ‘सी’ श्रेणी तथा आईसीडीएस पोषण योजना को ‘डी’ श्रेणी प्राप्त हुई।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
























