महिला पीएसी बटालियन निर्माण कार्य का डीजी पीएसी ने किया निरीक्षण
निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और कार्य प्रगति की समीक्षा; समयबद्ध व मानक अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश
बदायूँ। जनपद के थाना मुसाझाग क्षेत्र के ग्राम सैजनी में निर्माणाधीन महिला पीएसी बटालियन का मंगलवार को पुलिस महानिदेशक (पीएसी) उत्तर प्रदेश आलोक सिंह एवं अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा भी मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन भवनों की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री के मानकों, कार्यों की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्माण स्थल पर अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, आवागमन व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा उपायों का भी जायजा लिया।
अधिकारियों ने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तथा तय समय सीमा में पूरा किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने और निर्माण स्थल पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन परिसर एवं आसपास की कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कहा कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रत्येक चरण में गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
इस अवसर पर 8वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक आकाश तोमर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पाण्डेय, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा संबंधित थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
























