दर्दनाक : लखनऊ कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग 15 की जलकर मौत दर्जनों घायल : घटनास्थल पर पहुंचे सीएम योगी 

दर्दनाक : लखनऊ कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग 15 की जलकर मौत दर्जनों घायल : घटनास्थल पर पहुंचे सीएम योगी 

मौके पर मौजूद डिप्टी सीएम बृजेश पाठक बोले 14 शव आखो से देख चुके 

प्रमोद कुमार श्रीवास्तव 

लखनऊ : राजधानी के अलीगंज इलाके के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने की वजह से 15 लोगों की मौत की खबर है। हादसे की सूचना सुन सीएम योगी अपना अलीगढ़ दौरा रद्द करके सीधे घटनास्थल पर रवाना हो गए जबकि डिप्टी सीएम बृजेश पाठक घटना स्थल पर मौजूद है जिन्हें 14 शवों को अपनी आंखों से देखे जाने की पुष्टि की है हालांकि केजीएमयू अस्पताल ने मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की जानकारी दी।

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन विभाग को दोपहर करीब तीन बजे अलीगंज थाना क्षेत्र के उषा मेहता मार्ग पर स्थित एक कोचिंग संस्थान की इमारत में आग लगने की सूचना मिली। घटनास्थल से आई तस्वीरों में अग्निशमन कर्मी सुरक्षा उपकरणों से लैस होकर सीढ़ियों की मदद से बाहर से इमारत पर चढ़ते नजर आ रहे हैं। अग्निशमन कर्मियों की एक अन्य टीम को बगल की उतनी ही ऊंचाई वाली इमारत से ऊपर की तरफ से रास्ता बनाकर अंदर दाखिल होते देखा गया, जबकि अन्य टीम आग बुझाने की कोशिशें करती नजर आ रही थीं।

एनिमेशन सेंटर में कार्टून बनाना सीखने आते थे बच्चे- ब्रजेश पाठक

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि जिस कोचिंग में आग लगी, वह एक एनिमेशन सेंटर था। यहांं बच्चे कार्टून बनाना सीखने आते थे। घायलों को KGMC ट्रॉमा सेंटर भेजा जा रहा है। उनकी उम्र लगभग 16-17 साल थी। घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रमुख सचिव (गृह) और DGP को मौके पर बुलाया गया है और उन्हें कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखे हैं। मीडिया से बात करते हुए भावुक हुए ब्रजेश पाठक

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने घटना स्थल पर मौजूद हैं। वह मीडिया से बात करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि जिन बच्चों को रेस्क्यू किया गया है, उन सभी को अस्पताल भेज दिया गया है। यह एक बड़ी घटना है। अंदर धुआं भरा है। हर चीज़ को हटाकर चेक किया जा रहा है और हर कमरे की तलाशी ली जा रही है; अंदर लकड़ी का बहुत सारा फ़र्नीचर था और उससे निकलने वाले धुएं के कारण कुछ भी साफ़ दिखाई नहीं दे रहा है। फ़ायर ब्रिगेड के लोग अंदर हैं। NDRF की टीमें मौके पर मौजूद हैं।

जलती खिड़की से कूदे, तार से लटके छात्र

 प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कई छात्र जलती खिड़की से छलांग लगा दी जिससे वह गंभीर घायल हो गए बताया जा रहा है जान बचाने को कुछ छात्र बाथरूम में छुप गए लेकिन मौत ने उनका वहां भी पीछा नहीं छोड़ा फ़िलहाल मेडिकल कालेज के अनुसार अभी छात्रों की मौतों का आंकड़ा अभी बढ़ सकता है। जानकारी के अनुसार, मरने वालों में 12 पुरुष और तीन महिलाए हैं। जान बचाने के लिए ऊपर से कूदने वाले एक बच्ची की रीड की हड्डी टूट गई है। मौके पर यूपी डीजीपी राजीव कृष्ण और प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद भी पहुंच गए हैं।

राष्ट्रपति ने जताया दुख

लखनऊ हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। उन्होंने X पर पोस्ट के जरिए कहा- लखनऊ में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

राहुल गांधी ने जताया दुख

राहुल गांधी ने X पर पोस्ट कर कहा- लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने के हादसे में कई लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।

घटना के दोषियों को सजा दिलाई जाएगी- योगी

योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ में बताया कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव (गृह) मौके पर जाकर घटना की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।

पीएम ने दुख जताया

लखनऊ में इस हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। PMO की तरफ से X पर एक पोस्ट में कहा गया- उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। बचाव कार्य चल रहा है और अधिकारी हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये की मदद की जाएगी।

अखिलेश ने हादसे पर जताया दुख

पूर्व मुख्यमंत्री सपा मुखिया अखिलेश यादव एक्स पोस्ट पर एक पोस्ट के जरिए कहा, “लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि। जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे। ये एक बेहद दुखद घटना है। इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जाँच हो, बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे। भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके, हम सबकी यही कोशिश होनी चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *