टीकाकरण विशेष जन-जागरण शिविर का आयोजन, लोगों को किया गया जागरूक।
सभी लोग चिकित्सक के अनुसार टीक लगवाएं जिससे घातक बीमारियों से बचा जा सके ।बोली प्रियंका बिंद ।
शरद बिंद/ भदोही।
दुर्गागंज। अभोली ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानीपुर में सोमवार को शासन के निर्देश तथा जिलाधिकारी शैलेश कुमार के आदेश पर विशेष टीकाकरण जन-जागरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. चक एवं सीएचसी अधीक्षक डॉ. शुभांकर श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में अभोली ब्लॉक प्रमुख प्रियंका बिंद उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा बहुओं तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। शिविर के दौरान लोगों को नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा विभिन्न संक्रामक एवं गंभीर बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. शुभांकर श्रीवास्तव ने बताया कि टिटनेस, डिप्थीरिया तथा टीडी (टिटनेस-डिप्थीरिया) जैसे टीकों का समय पर लगवाना अत्यंत आवश्यक है। इन टीकों के माध्यम से महिलाओं एवं पुरुषों को कई गंभीर और घातक बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण न केवल व्यक्ति की सुरक्षा करता है बल्कि समाज में रोगों के प्रसार को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मुख्य अतिथि प्रियंका बिंद ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र व्यक्ति समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
शिविर के अंत में स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को टीकाकरण संबंधी जानकारी प्रदान करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण कार्यक्रमों में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
























