सहरसा (बिहार)।गिट्टी के नीचे 3800 लीटर विदेशी शराब जब्त, तस्कर फरार

गिट्टी के नीचे 3800 लीटर विदेशी शराब जब्त, तस्कर फरार

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार) 

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को धता बताते हुए शराब माफिया लगातार नए-नए पैंतरे आजमा रहे हैं। इसी कड़ी में सहरसा जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिट्टी से लदे एक हाईवा ट्रक से करीब 3800 लीटर से अधिक विदेशी शराब की खेप बरामद की है। हालांकि, इस सफलता के बावजूद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि मौके से 10 से 15 तस्कर भागने में सफल रहे और एक भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सका।

पूरी कार्रवाई की जानकारी एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने प्रेस वार्ता में दी।

आधी रात गुप्त सूचना पर छापेमारी….. 

एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि सोमवार रात करीब 2:10 बजे पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि चकभारों गांव स्थित गर्ल्स स्कूल के पास शराब की बड़ी खेप उतारी जानी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गई।

चकभारों गांव पहुंचकर पुलिस ने हाईवा ट्रक (पंजीकरण संख्या बीआर 27 जी 6800) को घेरा। तलाशी के दौरान पुलिस भी हैरान रह गई। ट्रक के ऊपर लगभग एक फीट तक गिट्टी लदी थी, ताकि किसी को शक न हो। गिट्टी हटाते ही उसके नीचे शराब के कार्टनों का अंबार मिला।

महंगे ब्रांड की शराब बरामद…….

कुल 3801.96 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई, जिसमें नामी ब्रांड शामिल हैं:

Royal Challenge

180 एमएल की 239 कार्टन (2064.96 लीटर)

375 एमएल की 147 कार्टन (1323 लीटर)

Royal Stag

375 एमएल की 7 कार्टन (63 लीटर)

Blenders Pride

375 एमएल की 39 कार्टन (351 लीटर)

इसके अलावा तस्करों की एस्कॉर्ट के लिए लाई गई महिंद्रा बोलेरो पिकअप (पंजीकरण संख्या जेएनयू 17 जेड 4127) को भी जब्त किया गया। साथ ही करीब 100 सीएफटी गिट्टी भी जब्त की गई।

प्राथमिकी दर्ज, सरगना की तलाश

पुलिस ने हाईवा और बोलेरो के मालिकों, चालकों एवं मौके से फरार 10-15 अज्ञात तस्करों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।

मौके पर इंस्पेक्टर मो. शुजाउद्दीन, प्रभारी थानाध्यक्ष अमित कुमार, सलखुआ थानाध्यक्ष संजना कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

पुलिस अब इस नेटवर्क के सरगना की तलाश में जुटी है और फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *