Monday, February 16

सहरसा (बिहार)।जन्म – मृत्यु प्रमाण पत्र के नाम पर अवैध वसूली, भाकपा ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

जन्म – मृत्यु प्रमाण पत्र के नाम पर अवैध वसूली, भाकपा ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

बच्चों के आधार कार्ड और राशन कार्ड बनने में हो रही परेशानी, सरकारी योजनाओं से वंचित हो रहे गरीब

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार) 

सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड कार्यालय में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में हो रही अवैध वसूली के खिलाफ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को भाकपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य का. उमेश चौधरी ने सिमरी बख्तियारपुर के अनुमंडल पदाधिकारी को एक लिखित आवेदन देकर मामले की जांच की मांग की है।

बिना पैसे नहीं बन रहा प्रमाण पत्र..

एसडीओ को सौंपे गए पत्र में भाकपा नेता उमेश चौधरी ने आरोप लगाया है कि सलखुआ प्रखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि बिना सुविधा शुल्क दिए आम जनता का जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बनाया जा रहा है।कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद लोगों का काम नहीं हो रहा।

रुके हुए हैं जरूरी काम.

आवेदन में बताया गया है कि प्रमाण पत्र समय पर नहीं मिलने के कारण इसका सीधा असर बच्चों के भविष्य और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। जन्म प्रमाण पत्र के अभाव में बच्चों का आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है।आधार न होने से विद्यालयों में बच्चों का नामांकन रुका हुआ है। राशन कार्ड में नए सदस्यों का नाम नहीं जुड़ पा रहा है। वहीं, मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण मृतक के आश्रितों को मिलने वाली सरकारी सहायता और आपदा राहत राशि से भी वंचित होना पड़ रहा है।

पंचायत स्तर पर शिविर लगाने की मांग.

अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर आग्रह किया है कि वे अपने स्तर से इस गंभीर मामले की जांच करें और दोषियों पर कार्रवाई करें। साथ ही, उन्होंने मांग की है कि पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर लोगों का आधार कार्ड बनवाया जाए और लंबित प्रमाण पत्रों का निपटारा किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *