सहरसा (बिहार)।उप-प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव गिरा, विशेष बैठक में नहीं पहुंचे एक भी पंचायत समिति सदस्य

उप-प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव गिरा, विशेष बैठक में नहीं पहुंचे एक भी पंचायत समिति सदस्य

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार) 

सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के उप-प्रमुख बाबूलाल यादव के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गुरुवार को स्वतः ही गिर गया। अविश्वास प्रस्ताव पर विचार-विमर्श एवं मतदान के लिए बुलाई गई विशेष बैठक में एक भी पंचायत समिति सदस्य उपस्थित नहीं हुआ, जिसके कारण प्रस्ताव निष्प्रभावी हो गया। इसके साथ ही उप-प्रमुख बाबूलाल यादव अपने पद पर पूर्ववत बने रहेंगे।

जानकारी के अनुसार, कोपरिया पंचायत के पंचायत समिति सदस्य पीयूष गोयल समेत 11 सदस्यों द्वारा उप-प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। इस प्रस्ताव पर चर्चा एवं मतदान के लिए गुरुवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में दोपहर 12 बजे विशेष बैठक निर्धारित की गई थी।

बैठक की प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए प्रेक्षक सह डीसीएलआर सीतू शर्मा, बीडीओ वीरेंद्र कुमार, आरओ सचिन आनंद सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी समय पर सभागार पहुंच गए। नियमानुसार अधिकारियों ने एक घंटे तक पंचायत समिति सदस्यों का इंतजार किया, लेकिन निर्धारित समयावधि में एक भी सदस्य बैठक में शामिल नहीं हुआ।

सदस्यों की अनुपस्थिति के कारण बैठक को समाप्त घोषित कर दिया गया। इसके बाद पंचायती राज अधिनियम के प्रावधानों के तहत उप-प्रमुख के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव स्वतः ही गिर गया।

बीडीओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि विशेष बैठक में कोई भी पंचायत समिति सदस्य उपस्थित नहीं हुआ। आवश्यक उपस्थिति नहीं होने के कारण अविश्वास प्रस्ताव निष्प्रभावी हो गया है तथा वर्तमान उप-प्रमुख अपने पद पर बने रहेंगे।

अविश्वास प्रस्ताव के विफल होने के बाद उप-प्रमुख समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया। प्रखंड कार्यालय परिसर में समर्थकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया तथा उप-प्रमुख बाबूलाल यादव को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस घटनाक्रम के बाद प्रखंड की राजनीति में चल रही हलचल पर फिलहाल विराम लग गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *