36 घंटे में चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार,डेढ़ लाख से अधिक नकदी व जेवर बरामद
बिसौली/बदायूं। जनपद के थाना बिसौली पुलिस ने खाटू श्याम कॉलोनी में हुई चोरी की घटना का मात्र 36 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख 90 हजार 400 रुपये नकद, चांदी जैसे सफेद धातु के कड़े, पायल और सिक्के बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार खाटू श्याम कॉलोनी निवासी विपिन शर्मा ने 9 जून को थाना बिसौली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ घर में ताला लगाकर वजीरगंज गए हुए थे। दोपहर करीब तीन बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला तथा अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। उसमें रखी नकदी और जेवर गायब थे।
घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं अंकिता शर्मा के निर्देश पर चार टीमों का गठन किया गया।
गुरुवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम खजुरिया के पास से आरोपी रवि कुमार सिंह उर्फ सिट्टू निवासी दवतोरी थाना बिसौली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उसने बताया कि चोरी किए गए करीब 20 हजार रुपये वह खर्च कर चुका है तथा कुछ रुपये अपने खाते में जमा किए थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,90,400 रुपये नकद, एक जोड़ी कड़े, एक जोड़ी पायल तथा तीन सफेद धातु के सिक्के बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में निरीक्षक अपराध चमन गिरी व पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
























