सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र का डीएम ने किया उद्घाटन, बच्चों के पोषण व शिक्षा पर दिया जोर
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
महिला एवं बाल विकास को सशक्त बनाने की दिशा में सहरसा जिले के
सलखुआ प्रखंड के चानन पंचायत स्थित खोचरदेवा वार्ड संख्या-1 में निर्मित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र का बुधवार को जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने फीता काटकर उद्घाटन किया। करीब आठ लाख रुपए की लागत से मनरेगा योजना के तहत बनाए गए इस केंद्र को बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
उद्घाटन के बाद डीएम ने केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध संसाधनों एवं सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास, पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर पोषण एवं शिक्षा का वातावरण उपलब्ध हो, ताकि उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित किया जा सके।
सीडीपीओ श्वेता प्रसाद ने बताया कि केंद्र में बच्चों के लिए आकर्षक शिक्षण सामग्री, खेल-कूद की सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल समेत अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मौके पर डीडीसी गौरव कुमार, डीपीओ कुमारी पुष्पा, एसडीएम आलोक राय, बीडीओ वीरेंद्र कुमार, एलएस कुमारी रिंकू, मुखिया कविता देवी, मनटून पासवान, सेविका रानी पोद्दार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
























