सहरसा (बिहार)।सड़क हादसे में युवक की मौत, सोशल मीडिया से हुई पहचान

सड़क हादसे में युवक की मौत, सोशल मीडिया से हुई पहचान

ससुराल जाते समय हुआ हादसा, गांव में पसरा मातम

राकेश कुमार, सहरसा (बिहार) 

सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अज्ञात युवक की पहचान शुक्रवार देर शाम कर ली गई। मृतक की शिनाख्त बलवाहाट थाना क्षेत्र के ढोली गांव निवासी 30 वर्षीय छोटू कुमार के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही गांव और परिवार में मातम छा गया।

बताया जा रहा है कि छोटू कुमार पांच भाइयों में सबसे छोटा था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह शादीशुदा था और दो छोटे बच्चों का पिता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों के अनुसार, छोटू गुरुवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से अपने ससुराल तुर्की गांव के लिए निकला था। देर रात तक ससुराल नहीं पहुंचने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका होने लगी। इसी दौरान रास्ते में वह सड़क हादसे का शिकार हो गया।

गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे एंबुलेंस के जरिए सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

शुक्रवार को सोशल मीडिया पर अज्ञात युवक की मौत की खबर तेजी से फैलने लगी। इसी के जरिए परिजनों को घटना की जानकारी मिली। परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान छोटू कुमार के रूप में की।

सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि युवक गंभीर रूप से घायल था और अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *