गंगारामपुर में गरजे किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष, जलजमाव को लेकर धरना।
शरद बिंद
दुर्गागंज,भदोही। अभोली ब्लॉक के गंगारामपुर स्थित तालाब पर शनिवार को जलजमाव की गंभीर समस्या से परेशान किसानों ने भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के बैनर तले धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बृज किशोर यादव जनपद पहुंचे, जहां यूनियन पदाधिकारियों और किसानों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
धरने को संबोधित करते हुए बृज किशोर यादव ने कहा कि समाज में अन्याय पहले भी था और आज भी जारी है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सक्षम होता है, उसके साथ अन्याय कम होता है, लेकिन कमजोर वर्ग के लोग हर दौर में शोषण का शिकार रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिले में जलजमाव और तालाबों की समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि यह पिछले 50 वर्षों से चली आ रही है। इस समस्या के समाधान के लिए लंबा और संगठित संघर्ष जरूरी होगा।
उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि महनैया तालाब की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, जिससे आसपास के गांवों के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों की फसलें जलमग्न हो रही हैं और उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। इस दौरान जिलाधिकारी से महनैया ताल की तत्काल जांच कराकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की गई।
धरना स्थल पर किसानों में काफी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर पूर्वांचल प्रभारी सालिकराम यादव, राजेंद्र पाल, अशोक कुमार यादव, दुर्गा प्रसाद सिंह, प्रेमराज मिश्रा, रामबाबू बिंद, राममूरत यादव, राम चरित्तर चौहान, इंद्रमणि यादव, कांता प्रसाद, मीरा देवी, हंसा देवी सहित बड़ी संख्या में किसान और यूनियन कार्यकर्ता मौजूद रहे।
























