जौनपुर।वैश्विक कल्याण के प्रति जागरूक करना भी हैँ शिक्षा का उद्देश्य : कुलपति 

वैश्विक कल्याण के प्रति जागरूक करना भी हैँ शिक्षा का उद्देश्य : कुलपति 

राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर में विश्व शांति हेतु ध्यान एवं जल संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के पंचम दिवस पर कुलपति प्रो. वंदना सिंह के नेतृत्व में विश्व शांति के निमित्त सामूहिक ज्ञान एवं ध्यान सत्र आयोजित किया गया। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के दृष्टिगत इस विशेष सत्र का आयोजन किया गया।

ध्यान सत्र में कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि “शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं है बल्कि मानवीय संवेदनाओं और वैश्विक कल्याण के प्रति सभी को जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि युद्ध कभी भी किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता। शांति ही मानवता का एकमात्र भविष्य है।

शांति केवल युद्ध की अनुपस्थिति नहीं है, बल्कि यह हमारे भीतर की एक स्थिति है। जब तक व्यक्ति का मन शांत नहीं होगा तब तक विश्व में शांति की स्थापना संभव नहीं है। वर्तमान में जो संघर्ष हम देख रहे हैं, उसका समाधान केवल संवाद और ध्यान की शक्ति से ही किया जा सकता है।”

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक भाईचारे और शांति का संदेश फैलाना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही, विश्व जल दिवस के अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय में अंतर्विषयक ऊर्जा एवं जल संस्थान की स्थापना की पहल को भी महत्वपूर्ण कदम बताते हुए जल संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इसके पश्चात आयोजित द्वितीय सत्र में विश्व जल दिवस (थीम: “जल और लैंगिक समानता”) के अंतर्गत डॉ. श्याम कन्हैया, डॉ. अजय विक्रम सिंह एवं प्रो. देवराज सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि “जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जल संसाधनों तक समान पहुंच सुनिश्चित करना सामाजिक न्याय और सतत विकास के लिए अनिवार्य है। जल प्रबंधन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर ही हम वास्तविक समानता स्थापित कर सकते हैं।”

स्वयंसेवकों द्वारा जल संरक्षण विषय पर प्रस्तुति दी गई तथा विश्वविद्यालय परिसर स्थित अमृत सरोवर में स्वच्छता अभियान चलाकर जन-जागरूकता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्रो. मनोज मिश्र, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. अजय मौर्य, डॉ. विशाल यादव, डॉ. प्रमेन्द्र विक्रम सिंह, डॉ. शशिकांत यादव उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में स्वयंसेवक दिव्यांशु सिंह, पृथ्वी राज सिंह, मनीष यादव, मोनू कुमार, अर्पिता यादव, आलोक मिश्रा, शंभू चौरसिया, रजनीश कन्हैया यादव, सौरभ सिंह, सिद्धार्थ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का स्वागत एवं संचालन डॉ. अनुराग मिश्र द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *