Sunday, February 15

लखनऊ।यूपी में कोहरे का कहर: छह हादसों में सात की मौत, 38 जिलों में अलर्ट; उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी 

यूपी में कोहरे का कहर: छह हादसों में सात की मौत, 38 जिलों में अलर्ट; उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी 

लखनऊ। पर्वतीय इलकों पर बर्फबारी के कारण मैदानी राज्यों में ठंड बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। गुरुवार सुबह कोहरे के कारण हुए छह सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। मौसम विभाग ने प्रदेश के 38 जिलों में घने कोहरे और 26 जिलों में कोल्ड-डे का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों में बर्फबारी के चलते पूरे उत्तर भारत में ठंड और गलन बढ़ गई है।

 गुरुवार सुबह कोहरे की वजह से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में छह सड़क हादसे हुए, जिनमें 14 वाहन आपस में टकरा गए। इन हादसों में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ घायल हैं। घायलों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार वाराणसी, मेरठ, झांसी समेत प्रदेश के 38 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं लखनऊ, कानपुर समेत 26 जिलों में पूरे दिन ठंडे हालात यानी कोल्ड-डे बने रहने की चेतावनी दी गई है। कई इलाकों में दृश्यता घटकर 10 मीटर तक रह गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

घने कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी साफ दिख रहा है। दिल्ली से होकर आने-जाने वाली कई ट्रेनें 2 से 6 घंटे तक देरी से चल रही हैं। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप

मध्य प्रदेश में शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के 23 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है और 25 जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हालात और भी गंभीर हैं, जहां पिथौरागढ़ के आदि कैलाश, केदारनाथ और यमुनोत्री में तापमान माइनस 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 10 जनवरी तक भीषण ठंड और घना कोहरा बना रहने की संभावना है। ठंड से राहत 15 जनवरी के बाद मिलने की उम्मीद जताई गई है।

दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट

उत्तर भारत में जहां शीतलहर चल रही है, वहीं दक्षिण भारत में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में 8 से 11 जनवरी के बीच भारी बारिश की संभावना है। तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि सुबह और देर रात बाहर निकलने से बचें, वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम रखें। कोहरे के दौरान तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की सलाह भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *