Sunday, February 15

बदायूँ।हत्या का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

हत्या का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

बदायूं। थाना उसहैत क्षेत्र में मछली को लेकर हुए विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार 6 जनवरी 2026 को ग्राम अहमद नगर बछौरा निवासी राजाराम पुत्र भूमिराज की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप उसी गांव के रहने वाले अफसर उर्फ बौना उर्फ पहलवान पुत्र असगर अली पर था। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी थाना उसहैत क्षेत्र में मौजूद है। मंगलवार सुबह भुण्डी मोड़ के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। रोकने पर आरोपी ने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैरों में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती कराया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल करते हुए बताया कि उसने गंगा नदी में मछली पकड़ी थी, जिसे मृतक राजाराम ने छीन लिया था। इसी बात को लेकर हुए विवाद में उसने राजाराम को गोली मार दी थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *