Sunday, February 15

बदायूँ।जनपद की तहसील तिलहर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 45 शिकायतें प्राप्त, 6 का मौके पर निस्तारण

जनपद की तहसील तिलहर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 45 शिकायतें प्राप्त, 6 का मौके पर निस्तारण

ग्राम चौपाल व शिक्षा व्यवस्था में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश, बाल विवाह मुक्ति की दिलाई शपथ

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में तहसील तिलहर में संपूर्ण समाधान तहसील दिवस संपन्न हुआ। तहसील दिवस के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी द्वारा संयुक्त रूप से जनसुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को सुना तथा जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

तहसील दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है।

तहसील दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बाल विवाह मुक्ति की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ जनजागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने शुक्रवार को आयोजित होने वाली ग्राम चौपालों में अपेक्षित सक्रियता न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि चौपाल में जाने वाले अधिकारी जल जीवन मिशन से जुड़े 13 कुशल कारीगरों को अनिवार्य रूप से बुलाएं और उनसे किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त करें। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों का निरीक्षण कर बच्चों के पंजीकरण की स्थिति देखें तथा बच्चों के साथ मिड-डे मील का स्वयं स्वाद लेकर उसकी गुणवत्ता की जांच करें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जो बच्चे विद्यालय नहीं आ रहे हैं, उनके अभिभावकों से सीधे संपर्क कर कारणों की जानकारी ली जाए। वहीं पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों के घर जाकर उनके माता-पिता से भेंट कर उन्हें प्रेरित किया जाए कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को किसी भी परिस्थिति में बाधित न होने दें। मिशन शक्ति के अंतर्गत बालिकाओं को जागरूक करने, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने तथा विद्यालयों में जाकर बच्चों को शिक्षा के महत्व और सफलता की प्रेरक कहानियां साझा करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों के बाहर सहजन का पौधा लगाए जाने का भी निर्देश दिया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी तिलहर सदानंद सरोज, तहसीलदार तिलहर दीपेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी ज्योति यादव, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *