
कोल इंडिया केवल कोयले की चमक ही नहीं, खिलाड़ियों की प्रतिभा को भी निखारता है : प्रकाश गहलोत
विनीत कुमार,के। रांची ,झारखंड
खेल दिवस के अवसर पर कोल इंडिया क्रिकेट टीम के कप्तान प्रकाश गहलोत ने कहा कि कोल इंडिया में क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों का भी व्यापक स्कोप है। यहां प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है, जरूरत है केवल उनकी प्रतिभा को पहचानने और सही अवसर देने की। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को कोल इंडिया स्तर पर निरंतर सहयोग मिलता रहा है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलता है। सीसीएल एनके एरिया की डकरा परियोजना में विद्युत एवं यांत्रिक अभियंता के रूप में कार्यरत श्री गहलोत ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें बचपन से ही क्रिकेट का शौक था, लेकिन जब कोल इंडिया में नौकरी मिली, तब उम्मीद नहीं थी कि यहां से उन्हें खेल जगत में पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि शौक और कड़ी मेहनत के बल पर उन्होंने अपनी जगह बनाई और आज वे कोल इंडिया क्रिकेट टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। गौरतलब है कि 2019 में सीसीएल से जुड़ने के बाद गहलोत ने तीन वर्षों तक लगातार एन.के. एरिया को अंतर क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में जीत दिलाई। इसके पूर्व वे आईआईटी जोधपुर की टीम के भी कप्तान रह चुके हैं। 2022 तक वे सीसीएल की ओर से नेतृत्व कर चुके हैं। उसके बाद से अब तक वो कोल इंडिया क्रिकेट टीम के कप्तान बने हुए हैं।
खेल दिवस के मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि कोल इंडिया स्तर पर खिलाड़ियों को सम्मान मिलता है। हमारे यहां डकरा स्टेडियम है जहां कई राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेटरों ने भी अपना जलवा दिखा चुके हैं स्टेडियम में क्रिकेट के अलावा हॉकी, फुटबॉल और अन्य खेल भी खेले जाते हैं। प्रकाश गहलोत ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना का प्रतीक हैं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से अपील की कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ें और कोल इंडिया जैसे मंच का भरपूर लाभ उठाएँ।
























