मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: समरेर और उसावां में 245 जोड़ों का विवाह, 238 ने लिए फेरे और 7 का हुआ निकाह
विधायक राजीव कुमार सिंह ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रियंका आनंद सिंह चौहान ने कहा—विवाह जीवनभर के साथ, विश्वास और जिम्मेदारियों का पवित्र बंधन
सत्य रथ | बदायूं
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को उसावां और समरेर में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए। दोनों स्थानों पर कुल 245 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इनमें 238 हिंदू जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाज से अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की, जबकि सात मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समरेर स्थित राजकीय आईटीआई कॉलेज में आयोजित समारोह में 136 हिंदू जोड़ों ने सात फेरे लिए, जबकि पांच मुस्लिम जोड़ों का निकाह हुआ। यहां कुल 141 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। वहीं, उसावां क्षेत्र में दातागंज स्थित स्वर्गीय श्री रामपाल सिंह राजकीय डिग्री कॉलेज में आयोजित समारोह में 102 हिंदू जोड़ों ने सात फेरे लिए और दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ। इस प्रकार उसावां में कुल 104 जोड़ों का विवाह कराया गया।
विधायक राजीव कुमार सिंह ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
दोनों कार्यक्रमों में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
विधायक ने कहा कि प्रत्येक माता-पिता का सपना होता है कि उनकी बेटी का विवाह सम्मानपूर्वक और अच्छे ढंग से संपन्न हो। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेटी की शादी की व्यवस्था करना बड़ी जिम्मेदारी होती है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को इस जिम्मेदारी को निभाने में सहायता मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह केवल विवाह कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनेक परिवारों की खुशियों, सपनों और नई उम्मीदों से जुड़ा आयोजन है। नवविवाहित जोड़े आपसी प्रेम, विश्वास, सम्मान और सहयोग के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत करें।
प्रियंका अनिल सिंह चौहान ने कहा—विवाह जन्म-जन्म का साथ, विश्वास और समर्पण का रिश्ता
उसावां नगर पंचायत की अध्यक्ष प्रियंका अनिल सिंह चौहान ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का पवित्र संबंध है। भारतीय संस्कृति में विवाह को जन्म-जन्म का साथ माना गया है। यह रिश्ता जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने, सुख-दुख में सहभागी बनने और परिवार की जिम्मेदारियों को मिलकर निभाने का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि आज का दिन सभी नवविवाहित जोड़ों के जीवन में एक नई शुरुआत लेकर आया है। सभी जोड़े अपने वैवाहिक जीवन की नींव आपसी विश्वास, सम्मान, प्रेम और समझदारी पर रखें। जीवन में परिस्थितियां हमेशा एक जैसी नहीं रहतीं, लेकिन कठिन समय में एक-दूसरे का साथ देना ही रिश्ते की असली मजबूती होती है। पति-पत्नी एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और मिलकर अपने परिवार को खुशहाल बनाने का प्रयास करें।
प्रियंका अनिल सिंह चौहान ने कहा कि बेटी का विवाह हर माता-पिता के जीवन का भावनात्मक और महत्वपूर्ण अवसर होता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए विवाह की व्यवस्था करना कई बार चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ बेटियों के विवाह को सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराने का माध्यम बन रही है।
ब्लॉक प्रमुख उसावा प्रतिनिधि दिनेश कुमार ने कहा सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का भी संदेश देते हैं। एक ही मंच पर अलग-अलग परिवारों के जोड़ों का विवाह संपन्न होना समाज में सहयोग, समानता और सद्भाव की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने सभी नवदंपतियों के सुखमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि वे अपने परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ें।
नवविवाहित जोड़ों को मिलती है एक लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की धनराशि का प्रावधान बताया गया। इसमें 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री, 15 हजार रुपये आयोजन संबंधी व्यय तथा शेष 64 हजार रुपये की धनराशि वधू के बैंक खाते में भेजे जाने का प्रावधान है। इस योजना का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, दातागंज ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह, समरेर ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि धीरज सक्सेना, परियोजना निदेशक डीआरडीए सत्येंद्र सिंह, नगर पालिका परिषद दातागंज के अध्यक्ष, उप जिलाधिकारी दातागंज विनोद कुमार, खंड विकास अधिकारी समरेर सतीश सिंह सैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा तथा प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रणव पाठक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अलावा महाराज सिंह, मोअज्जम यार खां, प्रभारी खंड विकास अधिकारी नागेंद्र कुमार, अलख निरंजन, मनोज राम, खालिद अली, नेम सिंह और अनिल सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा।
























