2027 में अतिपिछड़ा समाज की सरकार बनाने का संकल्प: केवट रामधनी बिंद
शरद बिंद।दुर्गागंज,भदोही
जनपद के अभोली ब्लॉक के संजय नगर में शनिवार को भारतीय मानव समाज पार्टी के तत्वावधान में आयोजित अतिपिछड़ा महासम्मेलन में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अतिपिछड़ा समाज की सरकार बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष केवट रामधनी बिंद मुख्य अतिथि और प्रदेश अध्यक्ष विजय बहादुर निषाद विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। संचालन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश बिंद ने किया।
महासम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष केवट रामधनी बिंद ने सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट तत्काल लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रमुख राजनीतिक दलों ने अतिपिछड़ा समाज को केवल वोट बैंक समझा है। अब समाज जागरूक हो चुका है और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेगा।
उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। वहीं, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में निषाद, केवट, बिंद सहित पूरा अतिपिछड़ा समाज एकजुट होकर जवाब देगा।
प्रदेश अध्यक्ष विजय बहादुर निषाद ने घोषणा की कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में अतिपिछड़ा समाज के प्रत्याशियों को टिकट देगी। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश बिंद ने महिलाओं को प्रतिमाह पांच हजार रुपये की सहायता, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, चिटफंड कंपनियों में डूबे गरीबों के पैसे वापस दिलाने और बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने का वादा किया।
कार्यक्रम में बिरहा गायक राजेश बिंद ने प्रस्तुति देकर लोगों का उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर राजधर बिंद, आशीष सरोज, डॉ. रामबचन सरोज, सुनीता प्रजापति, कृष्णा प्रसाद बिंद सहित पार्टी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
























