बलिया । दिव्यांग बच्चों के लिए निःशुल्क उपकरण वितरण से पूर्व 18–21 सितंबर को होगा परीक्षण शिविर
संजीव सिंह बलिया।समग्र शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों को मिलेंगे निःशुल्क ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र; 18–21 सितंबर को परीक्षण शिविर उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समेकित शिक्षा कार्यक्रम में शारीरिक, श्रवण, मानसिक एवं दृष्टि बाधित बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने और स्वावलंबी बनाने के लिए एलिम्को कानपुर के सहयोग से निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिविर का उद्देश्य और उपकरण
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र (हियरिंग एड), वैशाखी, ब्रेल किट, स्लेट, छड़ी आदि उपकरण प्रदान कर उनकी गतिशीलता और शिक्षा में सहायता करना है। एलिम्को कानपुर की विशेषज्ञ तकनीकी टीम बच्चों का गहन परीक्षण करके आवश्यक उपकरणों का मापन और चिन्हांकन करेगी, जिसके बाद उपकरण वितरण किया जाएगा।
बलिया जनपद में शिविर की तिथि और स्थान
जनपद बलिया के परीषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के लिए तीन स्थानों पर परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया है:
18 सितंबर 2026 – बीआरसी नगरा
19 सितंबर 2026 – बीआरसी पन्दह
21 सितंबर 2026 – कम्पोजिट विद्यालय, भृगुआश्रम नगर क्षेत्र, बलिया
राज्य परियोजना कार्यालय, निशातनगंज, लखनऊ के आदेश के क्रम में आयोजित इन शिविरों में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों का परीक्षण किया जाएगा।
आवश्यक दस्तावेज और पात्रता
बीएसए मनीष कुमार सिंह ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, एआरपी, शिक्षक, ग्राम प्रधान, प्रधानाध्यापक, विशेष शिक्षकों एवं अभिभावकों से अपेक्षा की है कि वे अपने क्षेत्र के कक्षा 1 से 8 तक के सभी शारीरिक दिव्यांग, श्रवण बाधित एवं दृष्टि बाधित बच्चों को शिविर में लाएं।
शिविर में लाने के लिए अनिवार्य दस्तावेज:
बच्चे का पूरा शरीर दिखाई देने वाला एक फोटोग्राफ
दिव्यांगता प्रमाण-पत्र
आधार कार्ड
सांसद/विधायक/प्रधान/तहसीलदार द्वारा निर्गत आय प्रमाण-पत्र
विद्यालय में नामांकन एवं प्रेरणा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन
आगे की प्रक्रिया
परीक्षण शिविर के बाद चिन्हित बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार अक्टूबर 2026 के आसपास विशेष वितरण शिविर आयोजित कर निःशुल्क उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
























