79 लाख नकद और करीब 21 लाख के जेवरात बरामद, दो गिरफ्तार
बदायूं। जनपद के सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 79 लाख रुपये नकद, करीब 21 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात और घटना में प्रयुक्त हुंडई वर्ना कार बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरिफ अंसारी पुत्र असगर अंसारी, निवासी इस्लामाबाद, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ और वसीम अंसारी पुत्र निजामुद्दीन, निवासी पूर्वा अब्दुल वाली, थाना कोतवाली, मेरठ के रूप में हुई है।
सर्राफ की गाड़ी से माल गायब करने की बनाई योजना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी आरिफ ने बताया कि दोनों आपस में रिश्तेदार हैं और उन पर कर्ज था। आरिफ मेरठ के सर्राफ शेख दिलावर हुसैन के यहां चालक का काम करता था। 10 सितंबर को वह सर्राफ की गाड़ी से उसके कर्मचारी सरफराज के साथ बदायूं माल देने और लेने आया था। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान दोनों ने गाड़ी में रखे रुपये और जेवरात गायब करने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, बदायूं से मेरठ लौटते समय दास कॉलेज के पास बिरयानी खाने के बहाने गाड़ी खड़ी की गई। आरोप है कि आरिफ सरफराज को बिरयानी की दुकान की ओर ले गया और इसी दौरान वसीम अपनी वर्ना कार से वहां पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, वसीम ने गाड़ी में रखे रुपये और सोने के आभूषण निकाल लिए। घटना को सामान्य चोरी का रूप देने के लिए गाड़ी का पीछे का शीशा भी तोड़ दिया गया।
पुलिस के अनुसार, चोरी के बाद वसीम रुपये और जेवरात लेकर बदायूं में छिप गया था। बाद में दोनों आरोपी चोरी के माल को लेकर मेरठ जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
79 लाख रुपये और 101.68 ग्राम पीली धातु बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरिफ के कब्जे से कंगन, कंठी माला और पीली धातु के छोटे-बड़े टुकड़ों समेत कुल 101.68 ग्राम पीली धातु बरामद हुई। वहीं वसीम के कब्जे से 500-500 रुपये के नोटों की 100 गड्डियां यानी 50 लाख रुपये, एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
इसके अलावा वर्ना कार से 500-500 रुपये के नोटों की 57 गड्डियां और 100-100 रुपये के नोटों की पांच गड्डियां, कुल 29 लाख रुपये, तथा एक प्लास बरामद किया गया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है।
दोनों आरोपियों को रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
घटना के सफल अनावरण और बरामदगी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र सिंह, निरीक्षक अपराध सुपेन्द्र मलिक, उपनिरीक्षक अनन्त आमौरिया, कांस्टेबल दीपक कुमार, अविनाश कुमार, देवेन्द्र कुमार और महिला कांस्टेबल रूचि शामिल रहीं।
























