बदायूँ के द्रोपदी देवी इंटर कॉलेज में चाकूबाजी से सनसनी

द्रोपदी देवी इंटर कॉलेज में चाकूबाजी से सनसनी

गाली-गलौज का विरोध करने पर तीन छात्र घायल, सीनियर छात्रों पर सुनियोजित हमले का आरोप

एसएसपी अंकिता शर्मा ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल, निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश

बदायूं। शहर के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित पटेल चौक के द्रोपदी देवी इंटर कॉलेज में शुक्रवार को लंच ब्रेक के दौरान छात्रों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गाली-गलौज का विरोध करने पर कक्षा 11 के दो छात्रों पर कक्षा 10, 9 और 8 के छात्रों पर चाकू व डंडों से हमला करने का आरोप है। घटना में तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य छात्र को भी चोटें आई हैं। विद्यालय परिसर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से छात्र, अभिभावक और शिक्षक दहशत में हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 11 बजे लंच टाइम में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि हमलावर छात्र पहले से चाकू और डंडे लेकर विद्यालय पहुंचे थे और मौका मिलते ही हमला कर दिया। घायल छात्रों की चीख-पुकार सुनकर विद्यालय स्टाफ मौके पर पहुंचा और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।

घायलों में कक्षा 10 के 16 वर्षीय आर्यन पुत्र गिरीश पाल सिंह, कक्षा 9 के सूर्या पुत्र गिरीश पाल निवासी बरामयखेड़ा (थाना उझानी) तथा बीच-बचाव करने आए कक्षा 8 के 12 वर्षीय समर्थ पुत्र गोविंद सिंह निवासी हसनपुर (थाना कुंवरगांव) शामिल हैं। सभी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पहले से चल रहा था विवाद, शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

घायल छात्र का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव चल रहा था। संभावित विवाद की जानकारी उसने पहले ही अपने क्लास टीचर को दी थी, लेकिन शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। छात्रों का कहना है कि यदि समय रहते विद्यालय प्रशासन आवश्यक कदम उठाता तो इतनी बड़ी घटना टाली जा सकती थी।

एसएसपी पहुंचीं अस्पताल, जांच तेज

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बाद में एसएसपी अंकिता शर्मा जिला अस्पताल पहुंचीं और घायलों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष और गहन जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने एक आरोपी छात्र को हिरासत में लेने की बात कही है, जबकि अन्य की भूमिका की जांच की जा रही है।

प्रधानाचार्य बोले—दो छात्रों पर हमले का आरोप

विद्यालय के प्रधानाचार्य कुशल पाल शर्मा ने बताया कि दो पक्षों के छात्रों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें तीन छात्र घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि हमले के आरोप प्रशांत निवासी मौसमपुर और कृष्णा ठाकुर निवासी रोटा पर लगाए गए हैं। विद्यालय प्रशासन भी पूरे घटनाक्रम की आंतरिक जांच कर रहा है।

विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

विद्यालय परिसर में चाकू और डंडे लेकर छात्रों के पहुंचने की घटना ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का कहना है कि यदि समय रहते तलाशी और निगरानी की प्रभावी व्यवस्था होती तो इस तरह की घटना नहीं होती। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *