बदायूँ: महिला मुख्य आरक्षी कविता शर्मा ने बैडमिंटन में बढ़ाया जिले का मान, एसएसपी ने किया सम्मानित
बदायूँ। जनपद बदायूँ पुलिस की महिला मुख्य आरक्षी कविता शर्मा ने बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का गौरव बढ़ाया है। उनके शानदार प्रदर्शन पर शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने उन्हें मेडल पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक जनपद रामपुर में आयोजित अंतरजनपदीय बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 में महिला मुख्य आरक्षी कविता शर्मा ने अपने आयु वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
इसके बाद 23 जुलाई से 26 जुलाई 2026 तक बरेली जोन की ओर से आयोजित पुलिस वार्षिक बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 में भी उन्होंने अपने आयु वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेते हुए 3 कांस्य पदक जीतकर बदायूँ पुलिस का नाम रोशन किया।
उनकी इस उपलब्धि पर 31 जुलाई 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने पुलिस कार्यालय में उन्हें मेडल पहनाकर तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
























