कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई पीईटी परीक्षा।
शरद बिंद/भदोही
जनपद भदोही में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए रविवार को मंडल और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आयुक्त विंध्याचल मंडल और डीआईजी विंध्याचल परिक्षेत्र के साथ जिलाधिकारी भदोही तथा पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने काशी नरेश विश्वविद्यालय भदोही सहित जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, कंट्रोल रूम, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, सघन तलाशी और बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था को बारीकी से परखा गया।
अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी केंद्रों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
























