सहरसा (बिहार)।उप स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्था पर भड़के सांसद, एएनएम नाइटी में मिली; बेड पर नहीं थी चादर, दवाएं बिखरीं

उप स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्था पर भड़के सांसद, एएनएम नाइटी में मिली; बेड पर नहीं थी चादर, दवाएं बिखरीं

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)

सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड क्षेत्र के पूर्वी कोसी तटबंध के भीतर कठडूमर उप स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश वर्मा के औचक निरीक्षण के दौरान भारी अव्यवस्था उजागर हुई। निरीक्षण के समय एएनएम ड्यूटी के दौरान नाइटी में नजर आईं, मरीजों के बेड पर चादर तक नहीं थी और कमरे में दवाएं बेतरतीब ढंग से बिखरी पड़ी थीं।

केंद्र पर मौजूद सीएचओ अजमल पलसनिया और एएनएम रंभा कुमारी से सांसद ने तीखे सवाल किए। व्यवस्थाओं की स्थिति देखकर वे नाराज हो गए और मौके पर ही दोनों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है और सरकार की छवि को भी नुकसान पहुंचाती है।

निरीक्षण के दौरान जब सांसद ने बेड पर चादर नहीं देखी तो उनकी नाराजगी और बढ़ गई। उन्होंने तत्काल चादर मंगवाई और खुद अपने हाथों से बेड पर बिछाई। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

सांसद ने मामले को गंभीर मानते हुए सिविल सर्जन को फोन कर शिकायत दर्ज कराई और आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति लंबे समय से खराब है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे थे। सांसद के निरीक्षण के बाद अब सुधार और कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *