कीटनाशक कांड के पीड़ित परिवारों से मिले सांसद, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के पूर्वी कोसी तटबंध के भीतर दियारा के कनरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत फरेवा मुसहरी के समीप खेत में बीते फरवरी माह में हुए दर्दनाक कीटनाशक कांड के बाद बुधवार को खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश वर्मा पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे।
इस हृदयविदारक घटना में चार दोस्तों द्वारा कीटनाशक सेवन करने के बाद तीन युवकों की मौत हो गई थी, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई थी। सांसद ने मृतक सन्नी सदा, राजा सदा और मुरारी सदा के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और गहरी संवेदना व्यक्त की।
सांसद ने परिजनों की स्थिति को करीब से जाना और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है, जिसकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए समाज और प्रशासन दोनों को मिलकर काम करने की जरूरत है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने की बात कही। इस दौरान परिजनों ने अपनी आर्थिक परेशानियों को सांसद के समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने शीघ्र राहत दिलाने का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। सांसद के दौरे के बाद अब पीड़ित परिवारों को सहायता मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।इस मौके पर पूर्व विधायक सुरेन्द्र यादव, सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन समेत अन्य मौजूद थे।
























