भाजपा पूर्वी मंडल की कार्यसमिति बैठक सम्पन्न, ‘मन की बात’ को सफल बनाने पर जोर
राकेश कुमार यादव,सहरसा (बिहार)
भारतीय जनता पार्टी के पूर्वी मंडल की कार्यसमिति की बैठक शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रितेश रंजन की उपस्थिति में उनके समदर्शी निवास पर आयोजित की गई। सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रमेश कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन मंडल महामंत्री प्रदीप गुप्ता ने किया।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सफल बनाने, संगठन विस्तार को गति देने तथा एनडीए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रितेश रंजन ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों को प्रेरणा और नई दिशा मिलती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाया जाए।
मंडल अध्यक्ष रमेश कुमार सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं। सभी कार्यकर्ता मिलकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं और संगठन को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
मंडल महामंत्री प्रदीप गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाना है। संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को तेज करने की जरूरत है।
बैठक में मंडल महामंत्री पवन दास, मंडल मंत्री अजय कुशवाहा, ज्ञानशंकर सिंह, महेश मेहता, मंडल उपाध्यक्ष गोपाल भगत, संजय कुमार यादव, कमलकिशोर सिंह, पंचायत अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार सिंह, बलराम राम, किशोर कुमार, देवेंद्र शर्मा, रंजीत कुमार, मनोहर कुमार शर्मा सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
























