
महाशिवरात्रि पर हिन्दूपुर शिव मंदिर परिसर में अखंड अष्टयाम यज्ञ का शुभारंभ
पूर्व मुखिया ललन कुमार यादव ने फीता काटकर किया उद्घाटन
राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)
सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर के नगर परिषद अन्तर्गत हिन्दूपुर शिव मंदिर परिसर में रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 24 घंटे का अखंड अष्टयाम यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन खम्होती पंचायत के पूर्व मुखिया सह जिला जदयू नेता ललन कुमार यादव व अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए जदयू नेता ललन कुमार यादव व अन्य वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।अखंड अष्टयाम यज्ञ को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं व पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में पूजा-अर्चना में शामिल हुए। भजन-कीर्तन और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा हिन्दूपुर क्षेत्र गूंजता रहा।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यज्ञ के दौरान सतत हवन, संकीर्तन और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चलता रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पैक्स अध्यक्ष, किशोर भारती, जयनायण मुखिया, कृष्ण कुमार,वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मोहन शररहे, करण पौधार, चंदेश्वरी मुखिया समेत समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
























