Sunday, February 15

सहरसा (बिहार)।राजकीय बाबा मटेश्वर धाम महोत्सव की तैयारी तेज, अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

राजकीय बाबा मटेश्वर धाम महोत्सव की तैयारी तेज, अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

राकेश कुमार यादव, सहरसा (बिहार)

सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में आगामी 15 से 17 फरवरी तक आयोजित होने वाले राजकीय बाबा मटेश्वर धाम महोत्सव को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज कर दी गई है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी आलोक राय एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार ठाकुर ने महोत्सव स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात संचालन समेत विभिन्न तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस क्रम में संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

एसडीओ आलोक राय ने कहा कि राजकीय महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है। प्रशासन का प्रयास है कि सभी मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वहीं, एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर न्यास समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार यादव ने कहा कि बाबा मटेश्वर धाम महोत्सव क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक आयोजन है। समिति प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटी है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सफल हो सके।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ जय किशन, ईओ राम विलास दास, थाना प्रभारी राजू कुमार, सचिव जगधर यादव, डाक एवं कांवरिया संघ अध्यक्ष मुन्ना भगत सहित रामावतार यादव, अरविंद यादव, धीरेन्द्र राय, धर्मवीर सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *